काला जल, गुलशेर ख़ान शानी जी का समाज के कम परिचित चेहरों को देखने का स्पष्ट आईना ।

चुनाव। नेता का, जीवन साथी का, खाने का, पीने का, कपड़े का…, तमाम चीज़ों का चुनाव करते-करते हमें चुनाव करने की लत-सी लग गई है। इस लत का कारण विकल्पों का होना है। विकल्प जितने अधिक होते हैं, चुनाव करना उतना ही मुश्क़िल होता है। मसलन, कपड़े को ही लेते हैं। रोटी-कपड़ा-मकान वाला कपड़ा अब अनेक रूपों में दिखता है। भौगोलिक-सांस्कृतिक अनुरूपताओं के मद्देनज़र यह कपड़ा कहीं साड़ी, कहीं समीज़-सलवार, कहीं One piece, या कहीं Hanbok (कोरिया) है। Cotton, linen, silk, leather, synthetic, khadi, आदि मटेरियल चुनाव की मुश्किल में और इज़ाफ़ा करते हैं। निर्णय लेने की क्षमता भी चुनाव की गुणवत्ता और उसमें लगने वाले समय को काफ़ी प्रभावित करती है। एक बार Hydrangea (फूल) का पौधा लेने गया। नर्सरी वाले भाई साहब hydrangea के पौधों को ओर लेके गए। कहा इतने सारे विकल्प हैं, अगर मैं बताऊँगा तो शायद दो घण्टे भी कम पड़ें! 

क़िताब। पढ़े जाने वाली क़िताबों के चुनाव का भी यही हाल है। Time is money. पढ़ने में लगने वाला समय अनमोल है। जी, ऐसा बिल्कुल नहीं है। इस समय की एक तय क़ीमत है, जो पढ़ाई की अवस्था तथा demand-supply के अंतर पर निर्भर करती है। शिशुकाल में समय समंदर-सा होता है। किशोरावस्था में इसकी क़ीमत ख़ुद पता नहीं होती। माता-पिता के बार-बार बताने पे भी यह क़ीमत पता नहीं चलती। बड़ा होने पर समय सुनहरा, स्वर्ग-सा होता है। इसमें न तो अतीत का प्रायश्चित होता है और न ही आने वाले समय की प्रतीक्षा। इस अवस्था में समय की क़ीमत समाधि से कम नहीं होती है। फिर आती है गृहस्थी। यहाँ से उत्पन्न होता है समय की डोर में तनाव। या यूँ कहें कि समय का खिंचाव। बच्चे हो गए, बढ़ते गए, समय और हिस्सों में बँट जाता है। माता-पिता, जीवन-साथी, बच्चों और रिश्तेदारों के बीच समय की होती है हिस्सेदारी। लुट्टम-लूट। इस अवस्था में समय की क़ीमत कोहिनूर के हीरे से भी अधिक होती है। समय एक ख़्वाब होता है। किताब से मिलने का समय जैसे जेल में किसी अपने से मिलने के समय जैसा होता है। घर के किसी कोने में छुपके चल रही मुलाक़ात पे कोई ज़िम्मेदारी का डण्डा खटखटा जाता है और लगता है कि अब पढ़ने (मिलने) का समय समाप्त हुआ। डण्डे की खटक को अनसुना भी किया जा सकता है। पर, ऐसा करने पर होता है एक अपराध बोध। अपराध स्वार्थी होने का! Mean. दूसरी ज़िम्मेदारियों से आँख चुराने का ज़ुर्म। समय का यह दौर चलता रहता है, जब तक कि बच्चे पढ़-लिखके आगे नहीं निकल जाते। इसके बाद का समय झील-सा स्वच्छ, ठहराव वाला होता है। इससे पहले की अवस्थाओं में जीवन में जो भरा गया है, वह इस अवस्था के समय का मोल निर्धारित करता है। आदमी कमाने पे ज़ोर देने वाले का समय संदूक में रखी अशर्फ़ियों-सा होता है। रिश्तों की ये मणियाँ शेष जीवन में उजाला भरी रहती हैं। केवल पैसे पे बल देने वाले का समय खुले में बहने वाले पनारे जैसा होता है: दिशाहीन, बेमंज़िल, बेकार, बिसांध।

बेहद एहतियात बरतके चुनी गई क़िताबें ख़ूब पढ़ीं मैंने। कहीं न कहीं से मिले सुझावों पे ही पठन केंद्रित होने लगा। इसके अपने फ़ायदें हैं। फिर सूझा कि यह अपने दायरे को सीमित करने जैसा है। मसलन, जो खाना पसंद हैं, केवल उसी को खाना। नए का स्वाद लेने में हिचकिचाहट नहीं होने चाहिए। Troy Public Library (TPL) में हिंदी की पुस्तकें उपलब्ध हैं। गुनाहों का देवता (धर्मवीर भारती) यहीं से लेके पढ़ी गई। कुछ किताबों को उलटने-पलटने पर गुलशेर ख़ान शानी जी की ‘काला जल’ हाथ आई। यह पुस्तक घर साथ आई।

शुरू के कुछ पृष्ठों को पढ़ने से रोचकता बढ़ी। फिर कोहिनूर वाले समय के अभाव में क़िताब ज़्यादा उठ नहीं सकी। एक शाम, सोने से पहले छोटी बेटी ने कहा, “लग रहा है आजकल आप अपनी Book पढ़ नहीं रहे हैं। अपनी जगह से हिली नहीं कई दिनों से।” बेटी ने बात तो एकदम सही कही। पापा रंगे हाथों पकड़े गए। अपने बचाव में मैंने कहा, “आजकल बहुत busy हूँ।” बेटी, “Mr. Binford says Discipline equals Freedom  Equals Freedom.” Mr. Binford जी बेटी के अध्यापक हैं। मैंने इस कथन के बारे में बेटी से और जानना चाहा, पर थोड़ा-बहुत प्रयास करके बेटी सो गईं। Mr. Binford American Army में सेवा दिए हैं। Discipline उनकी रगों में दौड़ता होगा। उनके साथ होने वाली मीटिंग में मैं 10 minute पहले ही पहुँचके इंतज़ार करता हूँ। देर होने पर बेटी के टीचर कहीं पापा की ही क्लास न लगा दें! बेटी की लताड़ ने मेरी बहानेबाज़ी को ध्वस्त कर दिया। किताब पूरी पढ़ी गई। शानी जी ने पूरे एक साल में जितने मन से लिखी, उतने ही मन से मैंने पढ़ी।

मनुष्य की जो नज़र इतनी तेज़ है कि वह पूरे संसार को देख सकता है, यही नज़र इतनी लाचार है कि मनुष्य अपने आपको नहीं देख सकता। ख़ुद को देखने के लिए उसे किसी दर्पण का सहारा लेना ही पड़ता है। काला जल शानी जी का वही आईना है, जो मुस्लिम समाज की दिनचर्या, चुनौतियों, मान्यताओं से रूबरू करवाता है। नदी के किनारे बैठा आदमी पानी की गहराई नहीं थहा सकता। वह केवल अंदाज़ा लगा सकता है। शानी जी मुस्लिम समाज के उस जल के भीतर बैठके यह उपन्यास लिखे हैं। इस तरह की रचनाएँ गिनी-चुनी हैं। इनमें के एक बड़ा नाम डॉ. राही मासूम रज़ा द्वारा लिखित 'आधा गाँव' का है। 


एक साँस में कहानी कहना, बिना इधर-उधर की बात किए। शानी जी का यह ढंग पाठक को कथा से शुरू में ही बाँध देता है। लगभग पचास पन्नों के बाद वो शमा बाँधते हैं। फूल खिलते हैं। चाँदनी चमकती है। John Steinback की The Pearl ऐसे ही लिखी गई है, बिना साँस लिये। 

उपन्यास में तीन पीढ़ियों की सामाजिक, आर्थिक दशा का मार्मिक चित्रण मन से किया है। उपन्यास महिलाओं को केंद्र में रखके लिखा गया है। महिलाएँ इसकी नायिका हैं और वही खलनायिका भी। कुछ क़िरदार थोड़े समय के लिए कहानी में हैं, लेकिन उनकी पीड़ा पाठक के साथ बहुत देर तक रहती है। बिलासपुरवाली इसका एक उदाहरण है। महिलाओं की दुर्दशा किसी समाज विशेष तक सीमित नहीं है। हर समाज में महिलाओं को शक्तिहीन करने की साजिश हुई है। कुछ में कम, कुछ में ज़्यादा। मुस्लिम समाज में यह दुर्दशा अपने शबाब मिलती है। महिलाएँ दमघोंट वातावरण में जी रही हैं। लेखक ने कटाक्ष, आलोचना और सवालों के ज़रिए रूढ़िवादी परंपराओं पे जगह-जगह चोट की है। स्वतंत्रता संग्राम के सिपाही नायडू और मोहसिन का क्रांतिकारी होना कथानक को एक थ्रिलर का मोड़ देते हैं। 

उपन्यास की भाषा हिंदी है और उर्दू-फ़ारसी नगीने-सरीख़ हैं। कहीं-कहीं हिंदी के जटिल शब्दों का इस्तेमाल आश्चर्यचकित करता है। कहीं भी किसी चीज़ को छुपाने या पॉलिश लगाने की कोशिश न करते हुए ख़ालिस बयानी पे ज़ोर दिया गया है। परोक्षता से परहेज़। इस वजह से यह उपन्यास यथार्थता के और क़रीब आ जाता है। पढ़ते वक़्त पता चला कि दूरदर्शन पर इस उपन्यास पर आधारित TV Serial भी 1983-84 में प्रसारित हुआ था, Irffan Khan, Aruna Irani, Alok Nath ने इसमें अभिनय किया था।

अपने समाज का पूरा चेहरा देखने के इच्छुक लोग ‘काला जल’ के आईने में ज़रूर झाँकें।

-काशी की क़लम 



Kala Jal. Gulsher Khan Shani.

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

महानता की एक मूक परिभाषा। A mute definition of greatness.

कोरी लिस्ट (लघु कथा)

Artificial Intelligence (AI): अदृश्य पहलू और उनके प्रभाव (भाग-1)