अलौकिक नियाग्रा जलप्रपात (कविता)

(Niagara Falls की अलौकिकता को शब्दों से दर्शाती कविता)

सौंदर्य असीमित अखण्ड है,
विहंगम विशाल प्रचण्ड है।
प्रकृति का अतुलित प्रताप है,
अद्भुत नियाग्रा जलप्रपात है।


इसके अनहद अनंत आकार हैं,
जैसे प्रकट जलदेव साकार हैं।

उतरती अविरल धवल जल धारा है,
जैसे क्षीर सागर ने धरा का पाँव पखारा है।


गंगा उमड़ी हों जैसे मन में संकल्प लिये एक,
चलीं हों करने शिवलिंगों का अखण्ड अभिषेक।


हज़ारों हाथियों-सी इसकी विशाल काया है,
करोड़ों अश्वों का महाबल इसमें समाया है।


पग-पग नया रंग-रूप इसका, जैसे इच्छाधारी है,
थिर है झील, बहता दरिया, झरना गिरता भारी है।


तपते तन हों, विरहे नयन हों या हों उलझे मन,
निर्मल नियाग्रा नम करता हर जीवन। 


किसकी प्यास बुझाने मिल नदी-और झील रहे हैं?
झुका है गगन, भर-भर बादल जल उचील रहे हैं।


जल-ज्योति जैसे बरसते स्फटिक मूसलाधार हैं,
स्वर ऐसा जैसे मगन शारदे छेड़ें वीणा के तार हैं।


सौंदर्य इसका सहज ध्यान का कुण्ड है,
जल-समाधि में डुबो दे ऐसा जल-शुण्ड है।


भीषण जलधारा पाषाणों से टकराती है,
हदर-हदर नाद नगाड़ों-सी आती है।


पत्त्थर से टकराकर वो खण्ड-खण्ड हो जाता है,
उसके भेष बदलने को धुआँ प्रचण्ड हो जाता है।


जलधारा ने सदियों से दी सतत सदाएँ हैं,
अजर रहेगी सभ्यता जैसे अजर हवाएँ हैं।


गिरना हो, तो नियाग्रा जैसा ख़ूबसूरत हो,
सौंदर्य, समृद्धि और ऊर्जा की मूरत हो।


असीम सागर की भी सीमा है, बह सकता नहीं,
सुने सबकी, बात अपने मन की कह सकता नहीं।

 
अगर सागर बह सकता तो नियाग्रा जैसा बहता,
सदियों का मौन तोड़ अपना मन धरती से कहता। 


नियाग्रा का पुनः दर्शन रहेगा फ़रियादों में,
पानी के पर्दे की बूँदें घुल जाएँगी यादों में।


विशुद्ध प्रकृति में लाल-नीली मिलावटें हैं,
ऊपर आसमान नीचे जल भी देशों में बँटे हैं।


नियाग्रा का धड़ उसकी एक भुजा पे मेपल वृक्ष है,
उसकी दूसरी भुजा पे सदियों से बैठा गिद्ध है। 


पूनम की रात में जैसे धरा पे उतरके चाँदनी निहाल है,
अमावस में ज़माने को रास्ता दिखाती ये मशाल है।


निशा जैसी भी हो, पर उजाला दोनों पार है,
नियाग्रा तेल, धरती दीया, बाती जलधार है।


जब तक बहेगा नियाग्रा दीवारें ढहाता रहेगा,
पवन, गगन, मनुज-मन एक में मिलाता रहेगा। 

-काशी की क़लम

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

महानता की एक मूक परिभाषा। A mute definition of greatness.

कोरी लिस्ट (लघु कथा)

Artificial Intelligence (AI): अदृश्य पहलू और उनके प्रभाव (भाग-1)